कजाकिस्तान: 70 यात्रियों को लेकर जा रहा प्लेन क्रैश, दिल दहलाने वाला वीडियो आया सामने
कजाकिस्तान: हिमाचल न्यूज़ 24: कजाकिस्तान के अक्टौ शहर के पास बुधवार (25 दिसंबर) को एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। कजाकिस्तान की स्थानीय मीडिया के अनुसार, विमान में यात्री और चालक दल मिलाकर 70 से ज्यादा लोग सवार थे।
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, कजाकिस्तान के आपातकालीन मंत्रालय ने कहा कि अजरबैजान एयरलाइंस के विमान दुर्घटना में 42 लोगों के मारे जाने की संभावना है।
रूसी समाचार एजेंसियों के अनुसार, अजरबैजान एयरलाइंस का विमान बाकू से रूस के चेचन्या में ग्रोज़्नी जा रहा था, लेकिन ग्रोज़्नी में कोहरे के कारण उसका मार्ग बदल दिया गया। कजाकिस्तान के अधिकारियों ने बताया कि विमान दुर्घटना में कुछ यात्री बच गए हैं।
दुर्घटना के कथित वीडियो आए सामने
सोशल मीडिया पर दुर्घटना के कथित वीडियो सामने आए हैं, जिनमें एक विमान जमीन पर गिरकर आग के गोले में तब्दील होता दिख रहा है। अन्य वीडियो में प्रथम प्रतिक्रिया दल को विमान के टूटे हुए अवशेषों के पास खड़े होकर जीवित बचे लोगों को निकालने का प्रयास करते हुए दिखाया गया है।
अजरबैजान एयरलाइंस ने क्या कहा?
अजरबैजान एयरलाइंस की उड़ान संख्या 8243 के एम्ब्रेयर 190 विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 70 से ज्यादा लोग सवार थे। एयरलाइंस ने कहा कि उसे कजाख शहर अकतौ से लगभग 3 किमी (1.8 मील) दूर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। कजाकिस्तान के अधिकारियों ने कहा कि संभावित तकनीकी समस्या सहित घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
कजाकिस्तान के आपातकालीन मंत्रालय ने बाद में कहा कि अग्निशमन सेवाओं ने दुर्घटना के बाद लगी आग को बुझा दिया है तथा जीवित बचे लोगों का निकटवर्ती अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क।