बैंकॉक: हिमाचल न्यूज़ 24 आज शुक्रवार (28 मार्च) को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। बैंकॉक में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे इमारतें हिल गईं।
लोग भयभीत हो कर खुली सड़क पर निकले
भूकंप के कारण काफी नुकसान की भी खबरें हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें गगनचुंबी इमारतें ताश के पत्तों की तरह गिरती नजर आ रही हैं। वहीं, म्यांमार में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए जाने की जानकारी है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, म्यांमार में रिक्टर पैमाने पर 7.2 तीव्रता का भूकंप आया।
बैंकॉक में ढहने लगी इमारत
भूकंप के कारण बैंकॉक में गगनचुंबी इमारत ढहने लगी। रिपोर्ट के अनुसार, निर्माणाधीन इमारत भूकंप के झटके को झेल नहीं पाई। इसी तरह भूकंप के बाद कई अन्य वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिसमें भूकंप के बाद की दहशत देखी जा रही है। भूवैज्ञानिकों के अनुसार, भूकंप का केंद्र म्यांमार के दक्षिणी तट पर सागाइंग के पास था। भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और जर्मनी के जीएफजेड भूवैज्ञानिक केंद्र ने कहा कि दोपहर का भूकंप 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई पर था। यही कारण है कि भूकंप इतना जोरदार महसूस किया गया।
म्यांमार के मांडले शहर की इमारतें तबाह
म्यांमार में एतिहासिक शाही महल मांडले पैलेस के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, सागाइंग क्षेत्र के सागाइंग टाउनशिप में एक पुल भूकंप में पूरी तरह नष्ट हो गया।राजधानी नेपीता के अलावा क्यौकसे, प्यिन ऊ ल्विन और श्वेबो में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इन शहरों की आबादी 50 हजार से ज्यादा है।
पूल से बहने लगा पानी
भूकंप के कारण थाईलैंड और म्यांमार में पूल से पानी बहने लगा। बताया जा रहा है कि कई इमारतें नष्ट हो गई हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, भूकंप आने पर इमारतों में अलार्म बजने लगे और घबराए हुए निवासियों को घनी आबादी वाले सेंट्रल बैंकॉक में ऊंची इमारतों और होटलों की सीढ़ियों से नीचे उतारा गया। लोगों को हताहतों से बचने के लिए सड़कों पर रहने को कहा गया।
बिम्सटेक शिखर सम्मेलन
6 दिन बाद थाईलैंड में बिम्सटेक का आयोजन होना है। इसके लिए बिम्सटेक के सदस्य थाईलैंड जाएंगे। 3 से 6 अप्रैल तक थाईलैंड में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। इस बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क।