नई दिल्ली: हिमाचल न्यूज़ 24 प्राप्त जानकारी अनुसार रविवार की रात अफगानिस्तान का दक्षिण-पूर्वी इलाका भूकंप के तेज झटकों से थर्रा गया। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई। मध्य रात्रि को आए इस भूकंप के झटके सिर्फ अफगानिस्तान ही नहीं बल्कि, पाकिस्तान और भारत के उत्तरी इलाके खास कर दिल्ली-एनसीआर में भी महसूस किए गए।
भूकंप से अफगानिस्तान में भयंकर जान-माल का नुकसान
अफगानिस्तान सरकार के द्वारा संचालित ब्रॉडकास्ट चैनल रेडियो टेलीविजन अफगानिस्तान के मुताबिक, इस भूकंप में अभी तक 500 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है। वहीं 1000 से ज्यादा लोग घायल हैं। सभी घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
8 किलोमीटर की गहराई में था केंद्र
संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ये भूकंप 12 बजकर 47 मिनट पर आया और इसका केंद्र अफगानिस्तान के जलालाबाद से 27 किलोमीटर उत्तर पूर्व में 8 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप इतना तेज था कि इसके झटके पाकिस्तान और भारत के दिल्ली-एनसीआर इलाकों में भी महसूस किये गए। नोएडा में भी भूकंप को महसूस किया गया। जिसकी वजह से कई लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भारत में इस भूकंप की वजह से जान माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
भारतीय और यूरेशियन प्लेट्स के जंक्शन पर है अफगानिस्तान
बता दें कि अफगानिस्तान हमेशा से भूकंप के लिहाज से संवेदनशील रहा है। इसका मुख्य कारण इसका भूगोल। रेड क्रॉस के मुताबिक अफगानिस्तान का हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र भूवैज्ञानिक रूप से काफी सक्रिय रहता है। क्योंकि इस जगह पर भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स एक दूसरे से मिलती हैं। भूवैज्ञानिकों के अनुसार अफगानिस्तान के हेरात से होकर एक फॉल्ट लाइन गुजरती है। जिससे जमीन के भीतर थोड़ी सी भी हलचल इस इलाके में भूकंप का कारण बनती है।
साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क
नोट: वेबसाईट पर उपलब्ध विभिन्न लिंक और जानकारियां केवल पाठकों के सूचनार्थ हैं। हम "हिमाचल न्यूज़ 24" वेबसाईट पर उपलब्ध तमाम जानकारी का आधिकारिक रूप से दावा या पुष्टि नहीं करते हैं।