शिमला: हिमाचल न्यूज़ 24 शिमला के संजौली क्षेत्र में शनिवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मीनाक्षी मित्तल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
एएसपी मुख्यालय अभिषेक ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मीनाक्षी मित्तल की कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। मामले में हत्या का अभियोग दर्ज किया जा रहा है तथा घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
एएसपी अभिषेक ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं तथा उनकी तलाश में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
साभार, एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क