ऊना : निजी अस्पताल में ऑप्रेशन के बाद मरीज की मौत मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है। इसके चलते निजी अस्पताल में गाइनोकोलॉजी की सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त इस अस्पताल की अभी और भी व्यापक जांच की जाएगी। इसके साथ ही निदेशालय ने इस मामले की जांच का जिम्मा सीएमओ ऊना को सौंपा है, उन्हें 7 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है।
गौरतलब है कि मंगलवार देर शाम रक्कड़ कालोनी के एक निजी अस्पताल में ऑप्रेशन के लिए आई एक महिला की ऑप्रेशन के बाद मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ऑप्रेशन करने वाली सरकारी अस्पताल की महिला चिकित्सक और अस्पताल के चिकित्सकों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
सीएमओ डाॅ. संजीव कुमार वर्मा ने कहा कि निदेशालय के आदेशों पर इस मामले में तथ्यों की पड़ताल करके रिपोर्ट भेजी जाएगी। निजी अस्पताल में गायनेकोलॉजी की सेवाएं बंद करने के आदेश दिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।