कच्छ (गुजरात): हिमाचल न्यूज़ 24 गुजरात के कच्छ जिले में आज, शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के आंकड़ों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.4 मापी गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार भूकंप करीब शुक्रवार सुबह 04:30:02 बजे आया। भूकंप का केंद्र कच्छ जिले में अक्षांश 23.65°N और देशांतर 70.23°E पर स्थित था। जमीन के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई पर भूकंप का केंद्र दर्ज किया गया।
प्रारंभिक खबरों के अनुसार, इस भूकंप के कारण अभी तक किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान या संपत्ति के क्षतिग्रस्त होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, सुबह के वक्त आए इन झटकों के कारण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लोगों में दहशत फैल गई और कई निवासी एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।
बताते चलें कि कच्छ जिला 'अत्यधिक उच्च जोखिम' वाले भूकंपीय क्षेत्र (Seismic Zone V) में आता है, जहां अक्सर हल्की तीव्रता के भूकंप दर्ज किए जाते हैं। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस भूकंप की डिटेल्ड जानकारी साझा की है। पोस्ट के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई पर था, और सतह के करीब होने की वजह से ही लोगों को इसके झटके काफी जोरदार और स्पष्ट महसूस हुए।
साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क
नोट: वेबसाईट पर उपलब्ध विभिन्न लिंक और जानकारियां केवल पाठकों के सूचनार्थ हैं। हम "हिमाचल न्यूज़ 24" वेबसाईट पर उपलब्ध तमाम जानकारी का आधिकारिक रूप से दावा या पुष्टि नहीं करते हैं।