शिमला: (हिमाचल न्यूज़ 24; हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सत्र के दौरान अजीबोगरीब और तल्ख नजारा देखने को मिला, जब सत्ताधारी कांग्रेस के ही दिग्गज विधायकों ने अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया। देहरा से विधायक व मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर और ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने सड़क निर्माण में लगी चंडीगढ़ की एक 'दागी' कंपनी को लेकर अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे प्रहार किए। अपनी ही पार्टी के विधायकों के इस कड़े रुख से सदन में सरकार कुछ देर के लिए असहज नजर आई।
सीएम की पत्नी ने खोला मोर्चा: 'धूल फांक रही जनता, कंपनी कर रही स्वास्थ्य से खिलवाड़'
प्रश्नकाल के दौरान सबसे बड़ा हमला खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी और देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर की ओर से हुआ। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में पांच सड़कों के निर्माण में भारी लेटलतीफी का मुद्दा उठाया। चंडीगढ़ की ठेकेदार कंपनी को पूरी तरह गैर-जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि इलाके में अव्यवस्था का आलम है। सड़कों पर उड़ती धूल और निर्माण में इस्तेमाल हो रहे खतरनाक रसायनों के कारण लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है और उनके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने सदन में दो टूक मांग की कि इस लापरवाह कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक संजय रतन का सनसनीखेज खुलासा: 'उत्तराखंड में ब्लैकलिस्टेड कंपनी को हिमाचल में 26 सड़कों का जिम्मा'
कमलेश ठाकुर के सवालों को धार देते हुए ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने सदन में बड़ा धमाका किया। उन्होंने खुलासा किया कि जिस कंपनी को राज्य सरकार ने 26 सड़कों का भारी-भरकम पैकेज दिया है, वह पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में 'ब्लैकलिस्ट' की जा चुकी है। उन्होंने उच्चाधिकारियों की मिलीभगत (सेटिंग) का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कंपनी खुद काम करने के बजाय नियमों को ताक पर रखकर काम 'आउटसोर्स' कर रही है और अधिकारियों से साठगांठ कर लगातार एक्सटेंशन ले रही है। रतन ने बताया कि वह इस कंपनी के खिलाफ तीन बार पुलिस केस दर्ज करवा चुके हैं। उन्होंने मांग की कि इस कंपनी से काम वापस लेकर हिमाचल के स्थानीय ठेकेदारों को तरजीह दी जानी चाहिए।
बैकफुट पर सरकार: मंत्री विक्रमादित्य ने दिए जांच के आदेश, टेंडर रद्द करने की चेतावनी
अपनी ही पार्टी के विधायकों के इस चौतरफा हमले के बाद लोक निर्माण मंत्री (PWD) विक्रमादित्य सिंह को सदन में सफाई देनी पड़ी। बचाव की मुद्रा में आए मंत्री ने सख्त कदम उठाने का भरोसा दिलाते हुए ऐलान किया कि कंपनी के कामकाज की उच्च स्तरीय जांच के लिए प्रधान सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि यदि कमेटी की रिपोर्ट असंतोषजनक पाई गई, तो तुरंत प्रभाव से कंपनी के टेंडर रद्द कर दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि काम में लापरवाही बरतने पर इस कंपनी पर पूर्व में भी जुर्माना लगाया जा चुका है।
सीएम का नीतिगत बयान: 'बाहरी ठेकेदारों को नहीं पहाड़ की समझ, अब बदलेंगे टेंडर नियम'
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंततः मुख्यमंत्री को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। उन्होंने सदन में माना कि पंजाब और चंडीगढ़ के ठेकेदारों ने हिमाचल में टेंडर तो ले लिए हैं, लेकिन वे यहां की भौगोलिक और पहाड़ी परिस्थितियों से पूरी तरह अनजान हैं। बाहरी ठेकेदारों द्वारा इस्तेमाल की जा रही भारी-भरकम मशीनों से पहाड़ों का सीना चीरा जा रहा है, जिससे कई जगह जमीन खिसकने का खतरा पैदा हो गया है। भविष्य के लिए बड़ा नीतिगत संकेत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अब इस पर गंभीरता से विचार कर रही है कि कंपनियों की वास्तविक क्षमता (कैपेसिटी) का आकलन करने के बाद ही, किसी भी ठेकेदार को भविष्य में अधिकतम एक या दो सड़कों का ही टेंडर दिया जाए।