शिमला: (हिमाचल न्यूज़ 24); हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक अहम कदम उठाया है। 2 अप्रैल 2026 को कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने विधान सभा के मौजूदा सत्र में 'हिमाचल प्रदेश राज्य किसान आयोग विधेयक, 2026' (विधेयक संख्या 9) पारित किया गया। इस विधेयक का मुख्य लक्ष्य कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों के लिए नीतियां बनाना, उनकी समीक्षा करना और किसानों के सामने आ रही समस्याओं को सुलझाने के लिए एक समर्पित 'राज्य किसान आयोग' की स्थापना करना है।
विधेयक की आवश्यकता और उद्देश्य -
विधेयक के 'उद्देश्य और कारणों' में स्पष्ट किया गया है कि कृषि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और राज्य की एक बड़ी आबादी की आजीविका का मुख्य साधन है। लेकिन, वर्तमान समय में इस क्षेत्र को लगातार कम हो रहे मुनाफे, कृषि भूमि के छोटे होते टुकड़ों (भू-जोतों के विघटन), जलवायु परिवर्तन, बाजार की अनिश्चितताओं और संस्थागत ऋण तक अपर्याप्त पहुंच जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। भारत के संविधान के अनुच्छेद 48 के तहत कृषि को आधुनिक और वैज्ञानिक बनाने के दायित्व को पूरा करने और इन चुनौतियों के समाधान के लिए एक मजबूत संस्थागत तंत्र के रूप में इस आयोग के गठन का प्रस्ताव रखा गया है।
आयोग की संरचना और कार्यकाल -
प्रस्तावित राज्य किसान आयोग की संरचना काफी विस्तृत होगी। इसमें एक अध्यक्ष और अधिकतम तीन गैर-सरकारी सदस्य होंगे। अध्यक्ष पद पर ऐसे व्यक्ति की नियुक्ति की जाएगी जो हिमाचल का स्थायी निवासी हो, प्रगतिशील किसान हो, कम से कम स्नातक हो और जिसे कृषि, बागवानी या पशुपालन में 5 साल का प्रशासनिक अनुभव हो। इसके अलावा, आयोग में चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय (पालमपुर) और डॉ. यशवन्त सिंह परमार बागवानी विश्वविद्यालय (नौणी) के कुलपति, तथा मत्स्य, बागवानी और पशुपालन विभागों के निदेशक पदेन सदस्य के रूप में शामिल होंगे। कृषि विभाग के निदेशक आयोग के सदस्य सचिव की भूमिका निभाएंगे। अध्यक्ष और गैर-सरकारी सदस्यों का कार्यकाल 5 वर्ष या 70 वर्ष की आयु तक (जो भी पहले हो) निर्धारित किया गया है और अध्यक्ष को सरकार के प्रधान सचिव के स्तर का वेतनमान दिया जाएगा।
आयोग के प्रमुख कार्य और जिम्मेदारियां -
यह आयोग मुख्य रूप से एक सलाहकार निकाय के रूप में काम करेगा। इसके प्रमुख कार्यों में राज्य में कृषि की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना, बाजार-आधारित फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना और किसानों की आय बढ़ाने के लिए उपाय सुझाना शामिल है। आयोग बीज, उर्वरक और कीटनाशकों की वर्तमान वितरण प्रणाली की जांच करेगा और उनमें सुधार के सुझाव देगा। इसके साथ ही, यह नई तकनीकों (जैसे आईटी और ई-कॉमर्स) के इस्तेमाल से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के साधन बढ़ाने पर जोर देगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह आयोग किसानों की शिकायतों का समाधान करेगा और उनके निवारण के लिए सीधे निर्देश जारी कर सकेगा।
आयोग की शक्तियां -
विधेयक में आयोग को मजबूत कानूनी शक्तियां प्रदान की गई हैं। आयोग अपने अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों में स्वतः संज्ञान (suo-moto) लेकर जांच शुरू कर सकता है। किसी भी मामले की जांच के दौरान आयोग को 'सिविल प्रक्रिया संहिता, 1908' के तहत एक दीवानी अदालत (Civil Court) के समान शक्तियां प्राप्त होंगी। इसका अर्थ है कि आयोग किसी भी व्यक्ति को समन भेज सकता है, दस्तावेजों की मांग कर सकता है और शपथ-पत्रों पर साक्ष्य ले सकता है। आयोग किसी भी सरकारी या निजी संस्था से रिकॉर्ड मांग सकता है और अनुपालन न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों या संस्था के खिलाफ कानूनी या अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश कर सकता है।
वित्तीय प्रावधान -
इस आयोग के सुचारू संचालन और खर्चों की पूर्ति के लिए 'हिमाचल प्रदेश राज्य किसान आयोग निधि' का गठन किया जाएगा। वित्तीय ज्ञापन के अनुसार, इस विधेयक के अधिनियमित होने पर राज्य के खजाने पर लगभग 50 लाख रुपये का एकमुश्त (अनावर्ती) व्यय आएगा। इसके अलावा, आयोग के रोजमर्रा के संचालन पर हर साल करीब 85, 08, 860 रुपये का आवर्ती (Recurring) व्यय होने का अनुमान है।