कुल्लू : खनन विभाग की टीम ने बंदरोल और बजौरा में अवैध खनन को लेकर कार्रवाई करते हुए 3 डम्पर जब्त किए और इनके चालान काटे। अवैध खनन करने वालों से विभाग ने 18500 रुपए जुर्माना वसूला। सहायक निरीक्षक भूपेंद्र की अगुवाई में विभाग की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जाानकरी के अुनसार विभाग को बंदरोल और बजौरा में अवैध खनन की सूचना मिली, जिसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर खनन माफिया पर शिकंजा कसा। विभाग की टीम की दबिश की सूचना मिलते ही खनन में लगे कुछ डम्पर चालक मौके से भाग गए। बता दें कि अवैध खनन करने वाले रात के अंधेरे में भी खनन को अंजाम दे रहे हैं, जिसकी शिकायतें विभाग को लगातार मिल रही थीं। इसके बाद उक्त कार्रवाई को अमल में लाया गया।
अन्य स्थान भी विभाग के राडार पर
जिला में कई जगहों पर अवैध खनन चल रहा है जोकि विभाग के राडार पर हैं। अवैध खनन के जरिए माफिया रेत, बजरी और पत्थर आदि निकाल कर बेच रहा है। कुछ स्टोन क्रशर में भी नियमों के विपरीत कार्य हो रहा है। ऐसे क्रशरों पर विभाग पैनी नजर रखे हुए है। कुछ दिन पहले प्रशासन और विभाग ने लाहौल-स्पीति में बिना अनुमति के चल रहे दो स्टोन क्रशर सील किए थे।
क्या कहते हैं जिला खनन अधिकारी
जिला खनन अधिकारी योगराज आजाद ने बताया कि बन्दरोल व बजौरा में विभाग की टीम ने अवैध खनन में लगे डम्परों के चालान काटे और जुर्माना किया। अवैध खनन के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी।