कुल्लू/मनाली : जिला मुख्यालय केलांग में बीते मंगलवार की शाम को हुई भीषण आग की घटना में जिंदा जले मासूम का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया है। डीसी राहुल कुमार ने बताया कि मंगलवार को लोअर केलंग में मकान में आग लग गई। इस मकान में नेपाली मूल का एक परिवार रह रहा था। निशिल (4) पुत्र भीम बहादुर आग की चपेट में आ गया। आग पर शाम को ही काबू पा लिया गया था परन्तु आग की चपेट में आए बच्चे का शव बुधवार सुबह पुलिस, अग्निशमन और स्थानीय लोगों की मदद से ढूंढा जा सका। बच्चे के शव को क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के पश्चात परिवार को सौंप दिया गया है।
शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि के साथ ही घरेलू सामान की खरीद के लिए 15 हजार रुपए, 5 कंबल, बर्तन और अन्य सामान प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को बकाया 3 लाख 75 हजार रुपए की राहत राशि भी जल्द ही प्रदान कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आग की इस घटना में मकान के 4 कमरे जल कर राख हो गए और लगभग 10 लाख रुपए के माली नुक्सान का अनुमान है।
विधायक अनुराधा राणा ने बताया आपदा प्रबंधन के तहत 4 लाख रुपए की मुआवजा राशि परिवार को जल्द देने तथा साथ ही जिनका घर पूरी तरह से नष्ट हो गया है, उन्हें भी उचित मुआवजा जल्द देने के लिए प्रशासन को निर्देशित कर लिया है। हमारी संवेदना परिवार के साथ है और हरसंभव मदद की जाएगी