कांगड़ा: हिमाचल न्यूज़ 24 हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला की पौंग झील में प्रदेश का सबसे लंबा पुल बनाने की योजना है। केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष (सीआरआईएफ) के तहत सेतु बंधन योजना के अंतर्गत पौंग झील पर तीन किलोमीटर लंबा पुल बनाने का प्रस्ताव है।
जानकारी अनुसार पुल की चौड़ाई करीब 10 मीटर होगी। लोक निर्माण विभाग मंडल देहरा ने सर्वेक्षण पूरा कर डीपीआर तैयार कर ली है। डीपीआर के आधार पर इस पुल को बनाने में करीब 374 करोड़ रुपये का खर्च होने का अनुमान है। डीपीआर को सरकार के पास मंजूरी के लिए भेज दिया गया है।
पुल का निर्माण देहरा के मलोट गांव (बौंगता पंचायत) से घियोरी पंचायत के साथ लगते मुचकुंड महादेव मंदिर तक किया जाएगा। पुल के बनने से सबसे ज्यादा फायदा जसवां-परागपुर, देहरा और जवाली हलके की जनता को होगा। बता दें कि अभी तक डाडासीबा क्षेत्र की जनता को हरिपुर, गुलेर, नगरोटा सूरियां और जवाली आदि इलाकों में जाने के लिए 50 से 70 किमी लंबा सफर तय करना पड़ता है। पुल के निर्माण से क्षेत्र की करीब 50 हजार की आबादी को 25 से 30 किमी कम सफर करना पड़ेगा। लोगों को देहरा शहर से घूमकर नहीं जाना पड़ेगा।
वर्तमान में हरोली में है सबसे लंबा पुल
ब्यास नदी पर मानव निर्मित पौंग झील (60,610 एकड़ में फैली) पर प्रस्तावित यह पुल प्रदेश का सबसे लंबा पुल होगा। अभी तक ऊना जिले के हरोली को ऊना के रामपुर से जोड़ते स्वां नदी पर बना पुल सबसे लंबा है। इसकी लंबाई 773.30 मीटर है।
साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क।