नादौन : थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत तरेटी गांव के निकट पेश आई सड़क दुर्घटना में एक स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान बबली देवी (45) पत्नी सुभाष चंद निवासी गांव बोहड़ खालसा (ज्वालामुखी) के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार महिला अपने पति सुभाष चंद के साथ स्कूटी पर भूंपल गांव से वाया तरेटी अपने घर जा रही थी। जैसे ही ये लोग तरेटी के निकट मौनी बाबा की कुटिया के पास पहुंचे तो सुभाष चंद स्कूटी से नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान यहां से गुजर रहे ट्रक के साथ
स्कूटी की टक्कर हो गई, जिससे स्कूटी पर सवार बबली देवी सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के तुरंत बाद महिला को नादौन अस्पताल पहुंचाया गया परंतु रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बबली देवी अपने पीछे एक विवाहित बेटी, पति व बेटे को छोड़ गई है। जखोटा पंचायत प्रधान सुमित राणा ने सरकार व प्रशासन से इस निर्धन परिवार की आर्थिक सहायता की मांग की है। जांच अधिकारी एसआई नरेश कुमार नादौन ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।